लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान। दरौंदा प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कौथुआ सारंगपुर के समीप सड़क पर नाली का गंदा पानी जमा होने से छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलजमाव के कारण बच्चों को गंदे पानी से होकर विद्यालय आना-जाना पड़ता है। इससे उनके कपड़े, जूते और मोजे खराब हो जाते हैं। वहीं, गंदे पानी से निकलने वाली दुर्गंध के कारण बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
विद्यालय की छात्राएं दीपा कुमारी, वंदना कुमारी, सारिका कुमारी, निभा कुमारी, निक्की कुमारी और छोटी कुमारी ने बताया कि सड़क पर पानी जमा रहने से विद्यालय आने-जाने में काफी परेशानी होती है।
प्रभारी प्रधानाध्यापिका ऋतु सिन्हा ने बताया कि जलनिकासी की व्यवस्था कराने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ ही बीडीओ और सीओ से मांग की गई है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से परेशानी बनी हुई है।
स्थानीय ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से जल्द कार्रवाई कर जलनिकासी की व्यवस्था कराने और सड़क पर जमा गंदे पानी की समस्या दूर करने की मांग की है।







