स्टेट डेस्क, रानी कुमारी।
बिहार के दरभंगा जिले के केवटी थाना क्षेत्र में दो वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी 48 वर्षीय विष्णु देव सदाय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची गंभीर हालत में दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) में भर्ती है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
क्या है पूरा मामला ?
पुलिस और परिजनों के अनुसार, शनिवार ,17 अक्टूबर की शाम धोबीगामा गांव निवासी विष्णु देव सदाय अपने ससुराल पहुंचा। ससुराल उसके घर से करीब 12 किलोमीटर दूर है। वहां पहुंचने के बाद उसने अपने साले के बेटे की दो वर्षीय बेटी को गोद में लिया।
आरोप है कि आरोपी ने बच्ची को दुर्गा पूजा का मेला दिखाने और कुरकुरे खिलाने का प्रलोभन देकर उसकी मां की गोद से ले गया। इसके बाद वह बच्ची को घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित एक आम के बगीचे में ले गया और बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण सक्रिय हो गए। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। केवटी थाना पुलिस ने शनिवार देर रात आरोपी विष्णु देव सदाय को हिरासत में लिया। आरोपी का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी बच्ची के परिवार का रिश्तेदार है और रिश्ते में दूर का नाना लगता है।
बच्ची की हालत नाजुक
घटना के बाद बच्ची की हालत गंभीर हो गई। परिजनों ने उसे तुरंत डीएमसीएच पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है
केवटी थाना पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से सबूत जुटाने के लिए एफएसएल टीम भी बुलाई गई है। आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है।







