नेशनल डेस्क, रानी कुमारी
नई दिल्ली | प्रस्तावित बैंक हड़ताल के बीच भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने ग्राहकों को राहत देने का फैसला किया है। बैंक के अनुसार, 28 से 30 सितंबर 2026 के बीच ग्राहकों से किसी भी बैंक के एटीएम से किए गए लेनदेन पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। एसबीआई ने यह व्यवस्था बैंकिंग सेवाओं को सुचारू बनाए रखने और हड़ताल के संभावित असर को कम करने के लिए की है।
एसबीआई ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि हड़ताल के दौरान भी ग्राहकों की बैंकिंग जरूरतों को पूरा करने के लिए सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इस अवधि में ग्राहक किसी भी बैंक के एटीएम से लेनदेन कर सकेंगे और इसके लिए उनसे शुल्क नहीं लिया जाएगा।
27 सितंबर को भी खुलेंगी शाखाएं
ग्राहकों की सुविधा के लिए एसबीआई ने रविवार, 27 सितंबर को भी अपनी सभी शाखाएं खोलने का फैसला किया है। इसके अलावा यूपीआई, आईएमपीएस, आरटीजीएस और एनईएफटी जैसी डिजिटल बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। इससे ग्राहकों को ऑनलाइन माध्यम से पैसे भेजने और अन्य बैंकिंग लेनदेन करने में सुविधा मिलेगी।
तीन दिन की प्रस्तावित बैंक हड़ताल
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय बैंक हड़ताल का प्रस्ताव रखा है। इससे पहले 26 और 27 सितंबर को सप्ताहांत की छुट्टियां हैं। ऐसे में विशेष व्यवस्था नहीं होने पर बैंकिंग गतिविधियां लगातार पांच दिनों तक प्रभावित हो सकती थीं। सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को रविवार को सामान्य रूप से संचालित रखने की व्यवस्था की है।







