स्टेट डेस्क, रानी कुमारी।
राजस्थान। कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार-रविवार की दरमियानी रात भीषण सड़क हादसा हो गया। नाता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास तेज रफ्तार क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसे में महाराष्ट्र के एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि छह से आठ लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना रात करीब 1 से 2 बजे के बीच हुई। क्रूजर में कुल 16 लोग सवार थे, जो सभी एक ही परिवार के सदस्य थे और राजस्थान के सीकर जिले स्थित प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे थे। परिवार ने इससे पहले मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर, उज्जैन तथा राजस्थान के पुष्कर, सालासर बालाजी और अन्य धार्मिक स्थलों के भी दर्शन किए थे। वे चार गाड़ियों के काफिले में यात्रा कर रहे थे, जिसमें से एक क्रूजर इस हादसे का शिकार बनी।
जानकारी के अनुसार, क्रूजर के ड्राइवर को झपकी आ गई थी, जिससे गाड़ी नियंत्रण से बाहर होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रूजर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई यात्री गाड़ी के अंदर फंस गए। उन्हें बाहर निकालने में बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मृतकों के नाम
हादसे में जान गंवाने वालों में उषा बाई, सुशीला , कैलाश , सान्वी, सज्जन, अनीता, बाबूलाल , जाह्नवी और माधवी शामिल हैं। इनमें बच्चे भी हैं।
ट्रक चालक हारून , मध्य प्रदेश के खंडवा का रहने वाला हैं , ट्रक में खराबी आने के कारण उसे सड़क किनारे खड़ा कर चेक कर रहा था। उसी दौरान तेज रफ्तार क्रूजर ने पहले उसे टक्कर मारी और फिर ट्रक में जा घुसी। हारून करीब 20 फीट दूर जाकर गिरा और बेहोश हो गया। करीब 10 मिनट बाद होश आने पर उसने खुद पुलिस और एम्बुलेंस को फोन किया। उसके सिर और घुटनों में चोट आई है।
घायलों में परिवार के अन्य सदस्य और ट्रक चालक शामिल हैं। एक घायल महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य का निरीक्षण किया। जिला कलेक्टर राजेश जोशी ने घटना को “अत्यंत दर्दनाक और दुखद” बताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता घायलों के उचित इलाज पर है और मृतकों के पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच चल रही है।







.jpeg)