नेशनल डेस्क, श्वेता प्रिया
मुंबई, 18 अक्टूबर 2026। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में फायरिंग की घटना सामने आई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फुटबॉल खेलकर लौट रहे अभिनेता की कार पर मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाईं। टाइगर श्रॉफ इस घटना में सुरक्षित बच गए, जबकि उनके ड्राइवर और एक ऑटो रिक्शा चालक के घायल होने की खबर है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पुष्पा पार्क के पास हुई घटना
यह घटना जुहू के पुष्पा पार्क इलाके में हुई, जहां अभिनेता को देखने के लिए प्रशंसक भी मौजूद थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने तीन राउंड फायरिंग की और फिर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर मुंबई पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
घटना के बाद सोशल मीडिया पर सामने आए एक कथित संदेश में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाले व्यक्ति ने हमले की जिम्मेदारी ली। रिपोर्ट्स के अनुसार, संदेश में टाइगर श्रॉफ को अभिनेता सलमान खान के साथ काम जारी रखने के कारण निशाना बनाने की बात कही गई। संदेश में सलमान खान के साथ काम करने वाले फिल्मी लोगों को भी धमकी दी गई।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक कथित गैंग की संलिप्तता और संदेश की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है। हमले के पीछे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगीl
पुलिस ने शुरू की जांच
मुंबई पुलिस हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। फिलहाल टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं और मामले में आगे की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
Tags:
- Tiger Shroff car firing
- Tiger Shroff latest news
- Juhu firing incident
- Mumbai shooting news
- Tiger Shroff safe
- Lawrence Bishnoi gang claim
- Tiger Shroff driver injured
- auto-rickshaw driver injured
- Mumbai Police investigation
- alleged gang threat
- Salman Khan
- Bollywood crime news
- celebrity security
- Mumbai breaking news
- Shweta Priya






