स्टेट डेस्क, रानी कुमारी।
वैशाली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वैशाली में गंगा नदी पर बने नीतीश सेतु का लोकार्पण करने के कुछ ही घंटों बाद पुल पर राजनीतिक हंगामा शुरू हो गया। आरजेडी समर्थकों के एक समूह ने पुल पर पहुंचकर पार्टी का झंडा लहराया, लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के समर्थन में नारेबाजी की तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा-एनडीए नेताओं के लगाए गए पोस्टर-बैनर फाड़ दिए। वायरल वीडियो के अनुसार यह हंगामा करीब 40 मिनट तक चला।
21 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन केबल स्टे ब्रिज का उद्घाटन किया था, जिसका नाम मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। इस पुल को बिहार के विकास और पटना-वैशाली के बीच बेहतर कनेक्टिविटी की बड़ी उपलब्धि के रूप में पेश किया जा रहा था। उद्घाटन कार्यक्रम समाप्त होने और आधिकारिक दल के लौटने के बाद आरजेडी समर्थक पुल पर जुट गए।
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवा हाथों में आरजेडी का झंडा लिए “लालू यादव जिंदाबाद”, “तेजस्वी यादव जिंदाबाद” के नारे लगा रहे हैं और पुल पर लगे एनडीए नेताओं के फ्लेक्स व पोस्टर फाड़ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार समर्थक पुल पर घूम-घूमकर नारेबाजी करते रहे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामेबाजों को वहां से हटाने का प्रयास किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया है और राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।
पुल के नामकरण और उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर पहले से ही राजनीतिक विवाद चल रहा था। विपक्ष ने नामकरण पर सवाल उठाए थे, जबकि सत्तापक्ष ने इसे नीतीश कुमार के प्रति सम्मान बताया था।







.jpeg)