फ्लोरिडा में बिजनेस जेट क्रैश, सभी 9 यात्रियों की मौत; पायलट ने भेजा था मेडे संदेश
विदेश डेस्क, आर्या कुमारी।
फ्लोरिडा। अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक बड़ा विमान हादसा हुआ। नौ लोगों को लेकर जा रहा एक बिजनेस जेट व्यस्त सड़क के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जमीन से टकराते ही विमान आग के गोले में तब्दील हो गया। हादसे का भयावह मंजर वहां से गुजर रहे वाहन चालकों के कैमरों में कैद हो गया।
टेक्सास से बहामास जा रहा लियरजेट 60 विमान पाम बीच काउंटी के ग्रीनएक्रस इलाके में एक रिहायशी क्षेत्र के पास गिरा। अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने बताया कि विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई। राहत की बात यह रही कि विमान आसपास के घरों या सड़क से गुजर रहे वाहनों से नहीं टकराया।
हादसे के बाद सड़क किनारे जमीन में बड़ा गड्ढा बन गया और पूरा इलाका आग की लपटों तथा घने काले धुएं से भर गया। विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग सामने आई है। पायलट ने बताया था कि मौसम खराब हो रहा है, विमान में तेज झटके महसूस हो रहे हैं और उसके ऊपर बर्फ जमने लगी है। शुरुआत में उसने स्थिति को नियंत्रण में बताया था। पायलट के मुताबिक, विमान पर हल्की और साफ बर्फ जम रही थी, जिसे संभाला जा सकता था। साथ ही विमान को हल्की टर्बुलेंस का सामना करना पड़ रहा था।
हालांकि, कुछ ही देर में मौसम और खराब हो गया। बारिश और बर्फबारी जैसी परिस्थितियों के बीच पायलट ने विमान को 2,000 फीट और ऊपर ले जाने की अनुमति मांगी। स्थिति गंभीर होने पर विमान तेजी से नीचे गिरने लगा। इसके बाद पायलट ने रेडियो के माध्यम से 'मेडे, मेडे' का आपातकालीन संदेश जारी किया। उसने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को बताया कि विमान 8,000 फीट नीचे जा रहा है और उसके गिरने की रफ्तार 10,000 फीट प्रति मिनट तक पहुंच गई है।
कुछ ही समय बाद पायलट ने बताया कि विमान की गति जरूरत से ज्यादा हो गई है और वह पहले से भी तेजी से नीचे गिर रहा है। उसने कहा कि विमान ओवरस्पीड की स्थिति में है और करीब 20,000 फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे जा रहा है। इसके तुरंत बाद पायलट ने कहा कि विमान जमीन से टकराने वाला है। उड़ान के आंकड़ों के मुताबिक, विमान करीब 35,000 फीट की ऊंचाई पर पूर्व दिशा में उड़ रहा था। इसी दौरान उसे खराब मौसम, टर्बुलेंस और बर्फ जमने जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। इसके बाद विमान तेजी से नीचे गिरा और उसकी रफ्तार लगभग 30,000 फीट प्रति मिनट तक पहुंच गई।
फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, जमीन पर मौजूद किसी व्यक्ति के घायल होने या मारे जाने की खबर नहीं है। उन्होंने हादसे की गंभीरता बताते हुए कहा कि दुर्घटना ऐसी लग रही थी, मानो आसमान से कोई मिसाइल आकर गिरी हो। विमान के टकराने से सड़क किनारे बड़ा गड्ढा बन गया। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने घटनास्थल के पास स्थित एक मोबाइल होम कम्युनिटी से करीब 600 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया। साथ ही अगली सूचना तक संबंधित सड़क पर यातायात बंद कर दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, लियरजेट 60 ने टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और उसे बहामास जाना था। फिलहाल विमान में सवार सभी नौ लोगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है और दुर्घटना के सटीक कारणों का भी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है। राष्ट्रीय मौसम सेवा के अनुसार, दुर्घटना के समय इलाके में भारी बारिश हो रही थी। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए सोमवार दोपहर तक क्षेत्र में बाढ़ की चेतावनी भी जारी थी।







